सेवा केंद्र में ई-श्रम समेत 4 नई सेवाएं शुरू - डिप्टी कमिश्नर
होशियारपुर- डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने बताया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सेवा केंद्र की सेवा सूची में 4 नई सेवाएं (ई-श्रम कार्ड, फायर आर्म फ्री जोन सेवा, नया/नवीनीकृत स्टांप वेंडर लाइसेंस और पासपोर्ट साइज फोटो प्रिंट) शामिल की गई हैं। इन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि ई-श्रम कार्ड की फीस मात्र 10 रुपए है, जिसमें व्यक्ति/लाभार्थी अपना श्रम रिकॉर्ड दर्ज करवा सकता है। इस सेवा के लिए 16-59 वर्ष का कोई भी नागरिक आवेदन कर सकता है, बशर्ते कि वह कोई सरकारी या गैर-सरकारी फंड न लेता हो।
इसके अलावा धार्मिक स्थल, स्कूल, कॉलेज, मैरिज पैलेस, होटल, गेस्ट हाउस, पब्लिक पार्क, सरकारी दफ्तर, शॉपिंग मॉल, सिनेमा हॉल आदि को फायर आर्म फ्री जोन सेवा के नए लाइसेंस दिए जाएंगे। जिसकी फीस 1700 रुपए है जो पांच साल के लिए वैध है। स्टांप वेंडर का काम शुरू करने के लिए 710 रुपए फीस देकर लाइसेंस के लिए अप्लाई किया जा सकता है।
इसके अलावा नागरिक सेवा केंद्रों पर 30 रुपए में 6 फोटो और 50 रुपए में 12 फोटो की पासपोर्ट साइज फोटो प्रिंटिंग की सेवा भी प्राप्त कर सकते हैं। जिला आईटी मैनेजर करमजीत सिंह ने बताया कि प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग की ओर से सेवा केंद्रों में यह 4 नई सेवाएं शुरू की गई हैं, जिसका सीधा लाभ नागरिकों को मिलेगा।
पंजाब सरकार ई-गवर्नेंस क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है और सेवा केंद्रों की सेवाओं में वृद्धि कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 28 सेवा केंद्र हैं और जहां लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इस अवसर पर सेवा केंद्र मैनेजर गुरसेवक सिंह और मास्टर ट्रेनर हरसिमरनजीत सिंह भी मौजूद थे।
