डेयरी कॉम्प्लेक्स में 15 दिन का अल्टीमेटम – प्लॉट नहीं बने तो गेम ओवर !

करनाल, 17 सितंबर: पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में 15 दिनों के भीतर डेयरी निर्माण कार्य शुरू न करने वाले प्लॉट धारकों की अलॉटमेंट रद्द कर दी जाएगी। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि ऐसे 82 प्लॉट धारक हैं, जिन्होंने पिछले कई वर्षों से डेयरी कॉम्प्लेक्स में निर्माण कार्य नहीं किया है या अधूरा निर्माण कर रखा है और अब तक प्लॉट की पूरी किश्तें भी नहीं चुकाई हैं।
आयुक्त ने कहा कि इन डेयरी प्लॉट धारकों को निर्माण के लिए पर्याप्त समय दिया जा चुका है, लेकिन अब भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इनमें से 30 प्लॉट केवल डी.पी.सी. तक ही पहुंचे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अंतिम अवसर है, इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में प्लॉट के साथ सिक्योरिटी राशि जब्त की जाएगी, साथ ही शहर में संचालित उनकी डेयरियों को सील कर पशुओं को नगर निगम अपने कब्जे में ले लेगा।
उन्होंने बताया कि डेयरी कॉम्प्लेक्स में खाली पड़े प्लॉटों की अलॉटमेंट के लिए नगर निगम चौथा ड्रा निकालने जा रहा है। यदि उपरोक्त प्लॉट धारक समय पर निर्माण नहीं करेंगे, तो उनके प्लॉट निगम अपने कब्जे में लेकर ड्रॉ के माध्यम से किसी अन्य डेयरी संचालक को अलॉट कर देगा और इसके लिए वही स्वयं जिम्मेदार होंगे।
ड्रा के लिए आवेदन – पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में वर्तमान में 94 प्लॉट खाली हैं। ड्रा में भाग लेने के लिए नगर निगम कार्यालय में लगभग 70 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जल्द ही ड्रा की तिथि तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डेयरियों का सत्यापन कार्य – ड्रा में भाग लेने वाले आवेदकों की डेयरियों का मौके पर जाकर सत्यापन किया जा रहा है। डेयरी में मौजूद पशुओं की संख्या भी जांची जा रही है, ताकि उसी के अनुरूप प्लॉट अलॉट किए जा सकें। मानक के अनुसार 5–15 पशु तक 250 वर्ग गज, 16–26 पशु तक 355 वर्ग गज और 27–50 पशु तक 500 वर्ग गज का प्लॉट दिया जाएगा।
निगम अभियंताओं को निर्देश – आयुक्त ने बताया कि डेयरी कॉम्प्लेक्स में चारदीवारी निर्माण, गलियों और स्ट्रीट लाइट इत्यादि की मरम्मत के लिए संबंधित अभियंताओं को निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि डेयरी संचालकों को कॉम्प्लेक्स में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
डेयरी कॉम्प्लेक्स की स्थिति – कॉम्प्लेक्स में कुल 231 प्लॉट हैं, जिनमें से 144 आबंटित हो चुके हैं। इनमें से 50 डेयरियां शहर से पिंगली कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरित हो चुकी हैं, जबकि 5 डेयरियों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और वे भी जल्द स्थानांतरित हो जाएंगी।
 इसके अतिरिक्त 30 प्लॉटों पर डी.पी.सी. डल चुकी है। आयुक्त ने कहा कि जो डेयरी संचालक डी.पी.सी. तक पहुंच चुके हैं, वे निगम कार्यालय में आवेदन देकर तीन फुट तक मिट्टी भरपाई करवा लें और शीघ्र निर्माण शुरू करें।