12 एकड़ जमीन बनी मौत की वजह पोते ने दादा को उतारा मौत के घाट
करनाल, 25 जून:- करनाल जिले के बड़ा गांव में 12 एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुरुवार दोपहर एक युवक ने अपने ही दादा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए बाइक पर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय दर्शन सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दर्शन सिंह और उनके पोते सोनू के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। सोनू अपनी मां के साथ अलग घर में रहता था, जबकि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सोनू अपने दादा दर्शन सिंह को बाइक पर बैठाकर घर के पास बने एक बाड़े में ले गया। बताया जा रहा है कि उसने पहले से ही वहां हथियार छिपाकर रखा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाड़े से पहले दोनों के बीच कहासुनी और झगड़े की आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद सोनू ने अचानक अपने दादा पर गोली चला दी। लगातार चार फायर होने की आवाज सुनाई दी।
गोली दर्शन सिंह की छाती में लगी, जिससे वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी गांव की गलियों से बाइक पर भाग निकला। बाद में उसने बुढाखेड़ा गांव में बाइक छोड़ दी और वहां से फरार हो गया। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।
डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन के विवाद को हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
परिजनों के अनुसार, परिवार में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है।
