करनाल, 24 सितम्बर: महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी करनाल में छात्र कल्याण निदेशालय द्वारा माननीय कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा के दूरदर्शी नेतृत्व में फ्रैशर्स स्टूडेंट के लिए मैंटल हेल्थ सेशन का आयोजन किया गया। माननीय कुलपति प्रो. सुरेश मल्होत्रा ने स्टूडेंट को भेजे संदेश में बताया कि मेंटल हेल्थ सेशन में तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच का अभ्यास करने सहित प्रकृति में समय बिताने जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया गया। 
उन्होंने कहा कि मानसिक सेहत का बेहतर होना हर किसी आयु वर्ग के लिए जरुरी है और छात्रों का खासतौर पर अपनी मानसिक सेहत पर गौर करना चाहिए। विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है। क्योंकि यह उनके सीखने और स्कूल या कॉलेज में भाग लेने के तरीके को प्रभावित करता है
 छात्र कल्याण निदेशक प्रो. रंजन गुप्ता ने माननीय कुलपति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य सहयोग के महत्व को समझते हुए विद्यार्थियों के लिए मेंटल हेल्थ काउंसलर की नियुक्ति को स्वीकृति दी। 
उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे इस सत्र से पूरा लाभ लें, जो विशेष रूप से चुनौतियों का सामना करने, लचीलापन विकसित करने और शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ कल्याण को संतुलित रखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। 
आरसीआई लाइसेंस्ड साइकोलॉजिस्ट डॉ. दीपशिखा शर्मा ने अपने सत्र के माध्यम से बताया कि जहां कॉलेज जीवन उत्साहजनक होता है, वहीं यह भावनात्मक बदलाव, सांस्कृतिक संक्रमण और नई जिम्मेदारियों का दबाव भी लेकर आता है। 
उन्होंने छात्रों को तनाव प्रबंधन, लचीलापन विकसित करने, स्वस्थ संबंध बनाने और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के व्यावहारिक उपायों के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस सत्र का सफल आयोजन डॉ युवराज कासल के द्वारा किया गया। मौके पर महाविद्यालय डीन प्रो. रमेश गोयल सहित अन्य वैज्ञानिकगण मौजूद रहे।