हरोली/ऊना, 28 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- नया नंगल हिमाचल-पंजाब सीमा पर टोल टैक्स को लेकर बढ़ते विरोध के बीच इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा ने 1 अप्रैल को जोरदार प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित टोल प्लाजा को जाम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, टोल टैक्स में बढ़ोतरी और स्थानीय लोगों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर लंबे समय से क्षेत्र में नाराजगी बनी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर विभिन्न संगठनों और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर बड़े आंदोलन का निर्णय लिया है।
मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों के समक्ष अपनी मांगें रखी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। ऐसे में मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन में आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हो सकते हैं। यदि टोल प्लाजा जाम होता है, तो हिमाचल और पंजाब के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है और यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, संभावित प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
1 अप्रैल को नया नंगल में टोल प्लाजा जाम की चेतावनी इलाका बचाओ संघर्ष मोर्चा का बड़ा ऐलान
