संतोषगढ़/ऊना, 23 मई (राजवीर चोपड़ा):- पंचायत चुनावों के मद्देनज़र ऊना पुलिस द्वारा सनौली और अजौली क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसपी संजीव भाटिया और एसएसओ गौरव भारद्वाज ने किया। इस दौरान भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र के बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर लोगों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लगातार क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न मतदान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया।
एसपी संजीव भाटिया ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
एसएसओ गौरव भारद्वाज ने बताया कि चुनावों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और शांतिपूर्ण चुनाव करवाने में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया।