करनाल,25 अगस्त:- करनाल के श्रद्धालुओं से भरा 16 टायरा ट्रक हिमाचल के ऊना में खाई में पलट गया। हादसे के वक्त ट्रक में 52 से ज्यादा श्रद्धालु सवार थे, जो करनाल के इंद्री से पीरनिगाह और मां नयना देवी मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। पीरनिगाह में दर्शन और भंडारे के बाद जत्था नयना देवी के लिए रवाना हुआ था, लेकिन मंदिर से पहले ही उतराई में ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक के खाई में पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में ट्रक में सवार सभी श्रद्धालुओं को चोटें आई हैं, जबकि चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु करनाल जिले के इंद्री के वार्ड नंबर 6 और 7 के रहने वाले बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक भगत पप्पू हर साल श्रद्धालुओं को लेकर यह यात्रा करवाते हैं। इसी धार्मिक यात्रा के तहत इस बार भी बड़ी संख्या में लोग हिमाचल गए थे।स्थानीय लोगों ने बताया कि पप्पू ने इंद्री के वार्ड नंबर 6 में अपना धार्मिक स्थल बनाया हुआ है और हादसे में घायल हुए श्रद्धालु उनके अनुयायी हैं। पिछले साल अगस्त में भी पप्पू श्रद्धालुओं के जत्थे को लेकर हिमाचल गए थे।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे भगत पप्पू 16 टायरा ट्रक में श्रद्धालुओं को लेकर हिमाचल के लिए रवाना हुए थे। सबसे पहले जत्था ऊना के पीरनिगाह धार्मिक स्थल पहुंचा, जहां भंडारे का आयोजन किया गया।
मंगलवार को पीरनिगाह में दर्शन करने के बाद श्रद्धालु मां नयना देवी मंदिर के लिए रवाना हुए। पीरनिगाह से करीब दो किलोमीटर आगे उतराई में पहुंचते ही चालक का ट्रक से नियंत्रण खो गया। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने ट्रक में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को ऊना के रीजनल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया  हादसे की सूचना मिलते ही ऊना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह उतराई में चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ट्रक चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।