हरोली/ऊना, 23 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में 23 मार्च को शहीदी दिवस बड़े श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अमर शहीद सरदार भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर को याद करते हुए उन्हें पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए हमें सदैव तत्पर रहना चाहिए। इस दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने शहीदों के बलिदान को नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में भाषण और देशभक्ति गीतों के माध्यम से विद्यार्थियों विशाल, सनी, भानुप्रिया आदि ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में शहीद भगत सिंह के योगदान को याद किया। प्राचार्य ने बताया कि भगत सिंह का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके विचार आज भी देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित करते हैं।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रो. आर.एस. डडवाल, प्रो. गुरबख्श राय, प्रो. डॉ. शकुन्तला राणा, डॉ. रिचा शर्मा, डॉ. बिंदिया चंदेल, प्रो. सचिन सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।