रतिया/फतेहाबाद, 31 जुलाई:- शहीद ऊधम सिंह कॉलेज ऑफ नर्सिंग, बरोटा में शहीद ऊधम सिंह के 87वें शहादत दिवस को समर्पित श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज की डायरेक्टर डा. गुरमीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्रिंसीपल शशीकलावती अरुचालम ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं अन्य अतिथियों ने शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देकर किया।
 इस अवसर पर डॉ नरेन्द्र सिंह नड्डा सहित कॉलेज के स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। कॉलेज डायरेक्टर डॉ गुरमीत कौर नड्डा  ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस और त्याग की अनुपम मिसाल है। 
उन्होंने जलियांवाला बाग हत्याकांड के शहीदों का बदला लेकर पूरी दुनिया को भारतीयों के आत्मसम्मान का परिचय दिया। युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महान क्रांतिकारियों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और हमें उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। 
डा. गुरमीत कौर ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का बलिदान देश के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श हमें देशभक्ति, सेवा और मानवता की भावना के साथ आगे बढऩे की सीख देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महान शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर ही राष्ट्र को सशक्त और समृद्ध बनाया जा सकता है।