करनाल, 8 जुलाई:- जिले में मंगलवार देर रात और बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। एक मामले में घरेलू विवाद के दौरान 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपनी मां और बहन को बचाने के प्रयास में पिता के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में 34 वर्षीय युवक अपने घर में फंदे से लटका मिला। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। 
मधुबन थाना क्षेत्र के गांव कुटेल निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र, जो पेशे से ड्राइवर था, मंगलवार देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा। आरोप है कि उसने किसी बात को लेकर पत्नी और बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर 17 वर्षीय बेटा बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन पिता ने उसके साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। 
इसी दौरान बेटे ने पास में पड़ा डंडा उठाकर पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राजेंद्र मौके पर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत करनाल ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और बाद में घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। 
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि घटनास्थल पर फैले खून को साफ करने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी लखबीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेटे ने ही डंडा मारा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।