हरोली/ऊना, 17 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली के तीन मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। बी.कॉम की छात्रा खुशबीर कौर (सत्र 2023-24), रिचा (सत्र 2024-25) तथा छात्र रोहन सैनी (सत्र 2024-25) को प्रदेश सरकार की “श्रीनिवास रामानुजन डिजिटल डिवाइस योजना” के तहत ई-रुपी कार्ड प्रदान किए गए।
यह योजना विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ई-रुपी कार्ड के माध्यम से विद्यार्थी अब लैपटॉप या टैबलेट खरीद सकेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई मजबूती मिलेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने इस अवसर पर कहा, “हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि हमारे महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है कि वे शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ऐसे अवसर प्राप्त करें।”
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार, प्रो. आर. एस. डडवाल, प्रो. कैप्टन सोनिका सैनी, प्रो. सुनील दत्त, डॉ. शकुंतला राणा सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।