करनाल, 23 मई:- नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस करनाल की सीआईए असंध टीम ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
यह कार्रवाई उप निरीक्षक दलशेर सिंह की अध्यक्षता में की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी प्रिंस पुत्र जय किशन निवासी वार्ड नंबर-1, असंध जिला करनाल को जिला जेल हिसार से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
मामले में जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व पुलिस टीम द्वारा आरोपी के दो अन्य साथी जॉनी व दीपक को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी जॉनी के कब्जे से 6 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। मामले में आरोपी का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर गहन पूछताछ की गई, जिसमें खुलासा हुआ कि वह यह नशीला पदार्थ अपने अन्य साथियों से खरीदकर लाया था।
इस संबंध में थाना असंध में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की आगामी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी प्रिंस उर्फ जय किशन को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है।
दौराने रिमांड आरोपी से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की संलिप्तता बारे जांच जारी है। जिला पुलिस करनाल द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।