करनाल, 20 सितम्बर:- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि सेवा से बड़ा कोई कार्य नहीं हैं। नर सेवा ही नारायण सेवा है। जीवनरूपी संघर्ष में आगे बढ़ते हुए सेवा का भाव जरूर रखना चाहिए। सभी मिलजुल कर एक-दूसरे का सहयोग करते हुए आगे बढ़ें।
 श्री कल्याण आज यहां बाल भवन में आयोजित दिव्यांगों को मुफ्त मोटराईज्ड ट्राई साइकिल व सहायक उपकरण वितरित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। 
इस मौके पर 214 दिव्यांगों को एक करोड़ 23 लाख रुपये के उपकरण वितरित किए गए। उपकरणों में 174 मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल, एक ट्राइसाइकिल, 20 फोल्डिंग चेयर,  60 बैसाखी, 5 वाकिंग स्टिक, एक टीएलएम किट, 22 कान की मशीन, 6 सीपी व्हील चेयर, 5 जॉयस्टिक, 3 रोलटोर, 15 वॉकर व एक ट्राइपॉड शामिल हैं। 
ये उपकरण निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत पावर फाइनेंस कारपोरेशन लि. (पीएफसी)और हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमें कॉर्पोरेशन लि. (हुडको) की ओर से उपलब्ध कराए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने चार दिव्यांगों पूजा शर्मा व केशम सिंह को मोटराईज्ड ट्राइसाइकिल, आर्यन को व्हीलचेयर और नवतेश कुमार को कान की मशीन सांकेतिक रूप से वितरित की।
 विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि ईमानदारी से कर्त्तव्य निर्वहन करने पर समाज का भला होता है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र  बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के पीछे मकसद केवल विकास का नहीं बल्कि हर वर्ग आत्मनिर्भर बनाने का है। 
उन्होंने कहा किसी भी कारण से दिव्यांगता का शिकार हुए लोगों की मदद सभी को मिलकर करनी चाहिए। श्री कल्याण ने कहा कि हर व्यक्ति को  जरूरतमंदों  के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। सेवा में अहं की भाव नहीं होना चाहिए। आज दिव्यांगजनों को वितरण किए गए उपकरण उनकी कठिनाइयों को कम करने में मददगार बनेंगे।
 विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस से शुरू किए गए सेवा पखवाड़े के दौरान कई तरह के कार्य किए जा रहे हैं। समाज में सेवा के कार्यों से भी सोच में बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि जीवन में वक्त बदलते देर नहीं लगती। 
इसलिए गरीबों, जरूरतमंदों, दिव्यांगों के प्रति सेवा भाव रखते हुऐ उनकी सहायता करनी चाहिए। उन्होंने हुडको और पीएफसी का आभार जताते हुए कहा कि सीएसआर का पैसा भविष्य में भी जरूरतमंदों तक पहुंचे, इसकी चिंता करनी है।
 इस मौके पर मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि आज मिले उपकरणों से दिव्यांगों को जीवन आसान बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने भी दिव्यांगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। पात्रों को इनका फायदा उठाना चाहिए।
 इस मौके पर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के पंकज द्विवेदी, हुडको के सहायक महाप्रबंधक मनीष कौशल, जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव कुलवीर मलिक ने भी विचार रखे।