रतिया, 19 अगस्त:- सर्व समाज सभा रतिया द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई में छात्राओं के छात्रावास के लिए 25 गद्दे भेंट करने तथा पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभा के प्रधान सतपाल जिंदल ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन जगजीत सिंह, बलिंदर शर्मा, महासचिव डॉ. नैब सिंह मंडेर सहित सभा के अनेक सदस्यों ने शिरकत की।
विद्यालय के प्राचार्य अबनीश गर्ग, वार्डन महेशी, प्रवक्ता चरणजीत सिंह सहित स्टाफ सदस्यों ने सभा पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सभा सदस्यों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यावरण शुद्धता का संदेश दिया।
सभा अध्यक्ष सतपाल जिंदल, कैप्टन जगजीत सिंह तथा एडवोकेट बलिंद्र शर्मा  ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मिशन के रूप में पढ़ाई करनी चाहिए और अपने विद्यालय, परिवार तथा क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बेटियां सेना, प्रशासन तथा सिविल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर पहुंचकर देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
सभा के महासचिव डॉ. नैब सिंह मंडेर ने सर्व समाज सभा द्वारा किए जा रहे समाजसेवी कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खाई के छात्रावास में लगभग 140 छात्राएं रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं की आवश्यकताओं को पूरा करने में समय-समय पर विभिन्न समाजसेवी संगठन सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जो सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर सर्व समाज सभा की ओर से छात्राओं के छात्रावास के लिए 25 गद्दे विद्यालय को भेंट किए गए। सभा पदाधिकारियों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज की बेटियों की शिक्षा और सुविधाओं के लिए सहयोग का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
विद्यालय के प्राचार्य अबनीश गर्ग ने सर्व समाज सभा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज द्वारा विद्यालय की आवश्यकताओं में सहयोग करना छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी है। कार्यक्रम के बाद वार्डन महेशी ने सभा सदस्यों को छात्रावास का भ्रमण करवाया। सदस्यों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस मौके पर जगजीत सिंह ढिल्लों, रणधीर मौलिया, डॉ. सुनील इंदोरा, राजपाल ग्रोवर, बिन्ना जिंदल, सुरेंद्र गर्ग, इक़बाल सिंह, धर्मपाल शर्मा, कुलदीप सिंह नंगल सहित विद्यालय स्टाफ के सोनू गर्ग, घनश्याम, सुनीता मोंगा, रुपिंदर कौर, सरिता, सीमा रानी, निशा रानी, निशा देवी, रविंदर सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।