संतोषगढ़/ऊना, 27 जुलाई (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोषगढ़ की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट साइट पर रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए वहां स्थापित मशीनरी की दो मोटरें चोरी कर लीं। घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला, जब सफाई कर्मचारी रोज़ाना की तरह साइट पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों ने देखा कि साइट के मुख्य द्वार के ताले टूटे हुए थे। जब उन्होंने अंदर जाकर निरीक्षण किया तो मशीनरी में लगी दो मोटरें गायब थीं। इसके अलावा चोरों ने वहां स्थापित एक बड़ी मशीन पर लगी भारी मोटर को भी खोलने का प्रयास किया, लेकिन उसे निकालने में सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही सफाई कर्मचारियों ने तत्काल नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद की अध्यक्ष अंजना चब्बा ने पुलिस चौकी संतोषगढ़ में लिखित शिकायत देकर चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस चोरी की घटना से नगर परिषद को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। नगर परिषद प्रशासन ने पुलिस से चोरी हुई मोटरों की बरामदगी तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस चौकी संतोषगढ़ के प्रभारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि नगर परिषद अध्यक्ष अंजना चब्बा की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
संतोषगढ़ नगर परिषद की सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट साइट पर चोरी मशीनरी की दो मोटरें ले उड़े चोर
