करनाल, 7 नवंबर: दि करनाल सहकारी शुगर मिल लिमिटेड को गन्ना पिराई सीजन वर्ष 2025-26 के लिए शीघ्र चालू किए जाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रतिनिधि मंडल और मिल प्रशासन के बीच वार्ता आयोजित की गई। बैठक का आयोजन शुगर मिल स्थित रेस्ट हाउस में किया गया। बैठक में भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान तथा मिल प्रबंधन की ओर से एम.डी. अदिति प्रमुख रूप से मौजूद थीं।
रतनमान ने गन्ना उत्पादक किसानों की ओर से मांग रखते हुए कहा कि शुगर मिल को 18 नवंबर से चलाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि मिल देर से चालू की गई तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा, क्योंकि गन्ने की कटाई और खेतों में अगली फसल की बुवाई समय पर नहीं हो पाएगी। उन्होंने मांग की कि मिल चालू करने की तिथि जल्द घोषित की जाए ताकि किसान गन्ना छिलाई के लिए मजदूरों की व्यवस्था कर सकें।
तिथि घोषित न होने के कारण गन्ना उत्पादक किसानों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। भाकियू ने मिल प्रशासन और सरकार से यह भी मांग की कि गन्ना छिलाई के लिए हारवेस्टर मशीनें किसानों को उपलब्ध करवाई जाएं। रतनमान ने कहा कि किसानों को ऐसी मशीनें खरीदने में सहायता दी जानी चाहिए, ताकि मजदूरों की कमी की समस्या से निजात मिल सके। एम.डी. अदिति ने किसानों को आश्वासन दिया कि आने वाले चार दिनों में मिल चालू करने की स्थिति के बारे में अवगत करा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी मांगों को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और गन्ना पिराई सीजन 2025-26 के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। वार्ता के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में रतनमान ने कहा कि मिल प्रबंधन की 18 नवंबर से मिल चलाने की मंशा स्पष्ट नहीं दिखाई दे रही है। बैठक में मिल प्रशासन द्वारा बताई गई तैयारियों से यह प्रतीत नहीं होता कि मिल को किसानों की मांग अनुसार समय पर चलाया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर की सभी शुगर मिलों को अधिकतम 20 नवंबर तक हर हाल में चालू किया जाए। रतनमान ने कहा कि शुगर मिलों को सरकारी इच्छा शक्ति के अनुसार नहीं, बल्कि किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए चलाया जाना चाहिए।
इस अवसर पर प्रमुख किसान नेता एवं प्रवक्ता सुरेंद्र सागवान, प्रभारी महताब कादियान, चेयरमैन साहब सिंह बाजवा, जिला सचिव संजीव नसीरपुर, कार्यालय सचिव राजकुमार नौतना, करनाल खंड प्रधान अनिल कुमार रावल, उपप्रधान सरदार बलबीर सिंह, इंद्री खंड प्रधान दिलावर सिंह डबकोली, काला मंगलोरा, ओमपाल कादियान, ईनाम खांन, महक सिंह, बबलू बदरान, बिट्टू मंगलोरा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
गन्ने की फसल किसानों की आस मिल चालू करो यही है आवाज़ जल्द चलाई जाए प्रदेश की सहकारी शुगर मिल रतनमान
