करनाल, 26 नवंबर: जिला नगर योजनाकार गुंजन ने बताया कि बुधवार को कार्यालय की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से निसिंग में 2 अवैध कॉलोनियों के विरूद्ध तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की। तोडफ़ोड़ की कार्रवाई ड्यूटी मैजिस्ट्रेट व पुलिस की अगुवाई में की गई।
उन्होंने बताया कि पहली अवैध कॉलोनी गांव गोंदर नजदीक बस अड्डा के साथ स्थित थी, जिसका एरिया लगभग 5.5 एकड़ था। इस कॉलोनी में छह डी.पी.सी. और सभी कच्ची सडक़ों को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार दूसरी अवैध कॉलौनी गोंदर रोड निसिंग के साथ स्थित थी, जिसका एरिया लगभग 10 एकड़ था। इस कॉलोनी में 6 निर्माणाधीन मकान, सभी डी.पी.सी., एक चार दीवारी, पूरा सीवरेज नेटवर्क व सभी कच्ची सडक़ों को ध्वस्त किया गया।
जिला नगर योजनाकार द्वारा लगातार तोडफ़ोड़ की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण करने वालों की लगातार एफ.आई.आर. भी दर्ज करवाई जा रही है। इसके अलावा समय-समय पर सभी को सूचित भी किया जा रहा है कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अवैध कॉलोनियों व अवैध निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए सभी तरह की कार्रवाई की जा रही हैं व अवैध कॉलोनियों / अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।
जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की कि वे डीलरों के जाल में न फंसे और शहर में बनी वैध कॉलोनियों में ही प्लाट खरीद कर अपना घर बनाएं। उन्होंने डीलरों से अपील की कि वे टाउन एंड कंट्री प्लानिंग हरियाणा, चंडीगढ़ से लाइसेंस लेकर ही कॉलोनी विकसित करें ताकि आम जनता को उसका फायदा मिले।
आम जन डीलरों के जाल में न फंसें शहर में बनी वैध कॉलोनियों में ही प्लाट खरीद कर बनाएं अपना घर जिला नगर योजनाकार
