करनाल,10 अक्तूबर: करनाल शहर के पॉश इलाके सेक्टर-9 में गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब सारा ज्वेलर्स के मालिक के घर पर डकैती की बड़ी वारदात सामने आई। चौंकाने वाली बात यह रही कि इस घटना को अंजाम किसी बाहरी गैंग ने नहीं, बल्कि घर में काम करने वाली नेपाली नौकरानी रीमा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दिया। पुलिस के अनुसार, वारदात शाम करीब चार बजे की है। घर की मालकिन और एक अन्य नौकरानी को स्प्रे मारकर बेहोश करने के बाद आरोपी घर से नकदी और भारी मात्रा में ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।

*कैसे दिया वारदात को अंजाम :
मिली जानकारी के अनुसार, सारा ज्वेलर्स के मालिक लवीश गोयल का घर सेक्टर-9 में अटल पार्क के सामने स्थित है। गुरुवार शाम करीब चार बजे लवीश अपने शोरूम चले गए थे। घर पर उस समय उनकी पत्नी और दो नौकरानियां मौजूद थीं। नेपाली नौकरानी रीमा, जिसे करीब 27 दिन पहले एक एजेंसी के माध्यम से रखा गया था, ने इस पूरी वारदात की साजिश रची थी।
रीमा ने अपने तीन साथियों को पहले से बुला रखा था। इनमें से दो युवक घर के अंदर गए जबकि तीसरा बाहर स्कूटी लेकर इंतजार करता रहा। घर के अंदर रीमा ने अपनी मालकिन और दूसरी नौकरानी के मुंह पर स्प्रे मारा, जिससे दोनों बेहोश होकर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी घर में रखी नकदी और जेवरात समेटकर स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए।

*पोते की सूझबूझ से हुआ खुलासा:
शाम करीब साढ़े छह बजे जब परिवार का पोता ट्यूशन से घर लौटा, तो उसने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और उसकी दादी व नौकरानी बेहोश हैं। उसने तुरंत अपने पिता को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

*सीसीटीवी कैमरे खंगाले:
मौके पर पहुंची सेक्टर-9 पुलिस चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर ऋषिपाल की टीम ने घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि तीन युवक स्कूटी पर घर पहुंचे थे—दो अंदर गए और एक बाहर खड़ा रहा। पुलिस का कहना है कि नेपाली नौकरानी रीमा ही इस वारदात की मास्टरमाइंड है। एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

*सावधानी बरतें : एजेंसी के ज़रिए नौकर रखने से पहले करें पुलिस वेरिफिकेशन: 
समाजसेवी एसपी चौहान ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि अब कई आपराधिक तत्व एजेंसी खोलकर लोगों को धोखा दे रहे हैं। ये लोग नौकर या नौकरानी के नाम पर अपने लोगों को घरों में भेजते हैं और बाद में वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने अपील की कि कोई भी व्यक्ति एजेंसी के माध्यम से नौकर रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाए।