हांसी:– हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरू नानक नाम लेवा संगतों द्वारा बड़े उत्साह से श्री गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है प्रबंधक कमेटी गुरुद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर साहिब सब्जी मंडी हांसी द्वारा श्री गुरू नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर आज श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ कर कार्यक्रम की शुरूवात की गई।
प्रबंधक कमेटी सचिव स. सतवंत सिंह घई ने बताया कि गुरूपर्व की खुशी में 24 अक्टूबर से प्रात: 5 बजे नगर में संगतों द्वारा प्रभात फेरियां निकाली जा रही है।आज से गुरुद्वारा साहिब में 48 घंटे का निरंतर गुरबाणी पाठ श्री अखंड साहिब प्रारंभ हो गया है। दिनांक 4 नवंबर को प्रात: 10 बजे पंज प्यारो की अगुवाई में श्री गुरू ग्रन्थ साहिब की छत्रछाया में महान नगर कीर्तन आरम्भ होगा।
जिसमें मुख्य आकर्षण का केंद्र गतका पार्टी द्वारा शस्त्र विद्या के करतब प्रदर्शित किए जाएंगे और गुरू नानक देव के मानवता की भलाई के लिए किए गए उपदेशों पर आधारित झांकियां, बाबा बंदा बहादुर स्कूल के बच्चों द्वारा शब्द कीर्तन की झांकी निकलेगी।
नगर कीर्तन शहर के मुख्य मार्गों जैसे गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर भगत सिंह रोड, पुराना बस स्टैंड, बड़सी गेट, उमरा गेट, बजरिया चौक, धौला कुआं, चार कुतुब गेट, तिकोना पार्क, बाबा स्वीट्स, नहर कोठी रोड से दुर्गा कॉलोनी, सैनिक स्कूल, रूप नगर कॉलोनी मेन रोड, निरंकारी भवन के सामने बैंक कॉलोनी रोड से वापिस गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगा।
5 नवंबर को गुरू पर्व वाले दिन गुरुद्वारा साहिब के प्रांगण में महान कीर्तन दरबार सजाया जायेगा। जिसमें गुरू घर के कीर्तनिये भाई सतविंदर सिंह व महान रागी भाई त्रिलोक सिंह रागी जत्था रतिया से पहुंचकर अपने कीर्तन द्वारा संगतों को निहाल करेंगे।
इन कार्यक्रमों में शहर के सम्माननीय शख्सियतें विधायक विनोद भयाना, दिनेश धवन चेयरमैन मार्केट कमेटी, राहुल मक्कड़ समाजसेवी, प्रवीन ऐलावादी चेयरमैन नगर परिषद, भुवनेश ऐलावादी प्रधान बजरंग आश्रम, अजय कम्बीरी व हिमांशु चानना पहुंचकर गुरू दरबार में नतमस्तक होंगी। प्रबंधक कमेटी प्रधान सुभाष गिरधर एवं महासचिव राम प्रकाश परूथी, मुनीश पाहवा ने सभी नगर वासियों से इन कार्यक्रमों में बढ़ चढ़ कर भाग लेने का निवेदन किया।
गुरूद्वारा बाबा बंदा सिंह बहादुर सब्जी मंडी में श्री अखंड पाठ की आरंभता से शुरु हुआ गुरू नानक देव प्रकाशोत्सव कार्यक्रम
