होशियारपुर:- आदि धर्म समुदाय के महानायक गद्दरी बाबा, आज़ादी घुलाटिये — आदि धर्म मंडल के संस्थापक बाबू मंगू राम मुग्गोवालिया जी द्वारा स्थापित आदि धर्म मंडल की 100वीं वर्षगांठ श्री गुरु रविदास चरणछोह, ऐतिहासिक धार्मिक स्थल बेगमपुरा चरणछोह श्री खुरालगढ़ साहिब पर संत सतविंदर हीरा, राष्ट्रीय प्रधान — आल इंडिया आदि धर्म मिशन भारत के नेतृत्व में देश-विदेश की संगतों द्वारा बहुत श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इन आयोजनों में धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने बाबू मंगू राम मुग्गोवालिया जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया और आदि धर्म मिशन को विश्वस्तर पर जन-जन तक पहुँचाने के लिए वचनबद्धता व एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर संगतों से विचार साझा करते हुए संत सतविंदर हीरा ने कहा कि आज से 100 साल पहले, 11-12 जून 1926 को, बाबू मंगू राम मुग्गोवालिया ने आदि धर्म मंडल की स्थापना कर करोड़ों लोगों को अपना धर्म — आदि धर्म, अपना चिन्ह 'सोहं' तथा 'जय गुरदेव' का नारा दिया। उन्होंने कहा कि बाबू जी ने समुदाय को आर्थिक समृद्धि तथा धार्मिक व सामाजिक स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का मार्ग दिखाया। इस संघर्ष के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने, जमीन खरीदने, वोट देने, अच्छे वस्त्र पहनने और सुगठित आवास का अधिकार दिलाया गया, जिसके चलते आदि धर्म समुदाय से आईएएस, आईपीएस, विधायक, सांसद, मंत्री और अन्य बड़े पदों पर लोग आसीन हुए।
संत सतविंदर हीरा ने कहा कि श्री खुरालगढ़ साहिब में सतगुरु रविदास महाराजा की परमशिष्य मीरा बाई का सुन्दर अलौकिक मंदिर और मीरा बाई की गौशाला का जल्द ही निर्माण किया जाएगा; साथ ही समाज के युवाओं के लिए आईएएस-आईपीएस कोचिंग देने हेतु एक केन्द्र भी शीघ्र खोला जाएगा। इस मौके पर संत हंसपाल, संत काहन सिंह, संत राम मूर्ति, संत राम प्रकाश सैला रीहला, राम सिंह शुक्ला (हिमाचल), एडवोकेट कुलदीप चंद नंगल, तरसेम लाल सहोता (हिमाचल), हर्ष भारद्वाज, तरसेम बड्डण, ओम प्रकाश राणा तथा बड़ी संख्या में संगत मौजूद थी।
