मानसा- मानसा जिले के कस्बा बरेटा में आज एक PRTC बस और स्कूल वैन के बीच हुई जोरदार टक्कर के कारण करीब एक दर्जन स्कूली बच्चे घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ बच्चों को मामूली चोटें लगी हैं, जबकि करीब आधा दर्जन बच्चों को गंभीर चोटें लगने के कारण इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद स्कूल वैन की हालत को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल वैन काफी खस्ताहाल हालत में थी और इसकी पासिंग भी नहीं थी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि स्कूली वाहनों की समय-समय पर जांच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
जानकारी के अनुसार उक्त स्कूल की वैन सुबह बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। इस दौरान बरेटा और दयालपुरा के बीच वैन के आगे जा रही बस ने ब्रेक लगा दिए और स्कूल वैन उसमें जा टकराई, जिसमें एक बच्चे का हाथ टूट गया और अन्य बच्चों को चोटें लगीं।
स्कूल प्रिंसिपल करमजीत सिंह ने बताया कि बस चालक ड्राइविंग करते समय छोले खाकर पानी पीने के लिए नीचे से गिलास उठाने लगा और अचानक उसने बस के ब्रेक लगा दिए, जिसके कारण पीछे से आ रही उनके स्कूल की वैन बस में जा टकराई। जिसमें बच्चों को चोटें लगीं। उन्होंने बताया कि घायल बच्चों को बरेटा अस्पताल के बाद मानसा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और पुलिस द्वारा हादसे की जांच की जा रही है।