पटियाला: टेक्निकल सर्विस यूनियन (भंगल) सर्कल पटियाला के प्रधान हरजीत सिंह सेखों और विजय देव, पूर्व उपाध्यक्ष (पंजाब) ने संयुक्त बयान में बताया कि 5 जून, 2026 को पंजाब सरकार के आदेशों पर डी.एस.पी. राजीव सिंगला ने अप्रेंटिस लाइनमैनों पर बेतहाशा लाठीचार्ज किया। राज्य कमेटी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।
सर्कल पटियाला द्वारा 6 जून, 2026 को हेड ऑफिस में जाकर इस लाठीचार्ज के विरोध में भागीदारी की गई थी। राज्य कमेटी के फैसले के अनुसार, आज 8 जून, 2026 को पूरे पंजाब में सब-डिवीजन स्तर पर पंजाब सरकार के पुतले फूंके जाने थे। राज्य कमेटी के निर्णय का पालन करते हुए आज पटियाला सर्कल के अंतर्गत सभी सब-डिवीजन में पंजाब सरकार के पुतले फूंके गए। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विजय देव, हरजीत सिंह, जतिंदर सिंह चड्ढा, गुरदीप सिंह, इंद्रजीत सिंह, करमजीत सिंह बहादुरगढ़, भगवान सिंह आदि नेताओं ने किया।
यूनियन ने मांग की है कि लाठीचार्ज करने वाले डी.एस.पी. राजीव सिंगला और अन्य पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें उचित सजा दी जाए। पटियाला सर्कल के कर्मचारियों ने अप्रेंटिस लाइनमैनों के साथ एकजुटता दिखाते हुए 'आप' सरकार से मांग की कि बिजली बोर्ड में बेरोजगार लाइनमैनों की भर्ती की जाए और कर्मचारियों पर काम का बोझ कम किया जाए।