टाहलीवाल/ऊना, 12 मई (राजवीर चोपड़ा):- फायर स्टेशन टाहलीवाल की टीम द्वारा आज झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के बीच आग से बचाव संबंधी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान फायर विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को आग लगने के कारणों तथा उससे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
फायर विभाग की टीम ने मजदूरों को सलाह दी कि खाना बनाने के बाद चूल्हे को अच्छी तरह ढककर रखें, ताकि आग लगने की संभावना को कम किया जा सके। इसके अलावा झुग्गी-झोपड़ियों के बीच लगभग 10 फीट की दूरी बनाए रखने की भी अपील की गई, जिससे किसी एक स्थान पर आग लगने की स्थिति में अन्य झोपड़ियों को सुरक्षित रखा जा सके।
कर्मचारियों ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर विभाग को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
इस जागरूकता अभियान में फायर इंचार्ज सुनील दत्त, रविंद्र सिंह, अमन राणा तथा मुनीश कुमार उपस्थित रहे।