हांसी:- तोशाम रोड स्थित नई ऑटो मार्केट में आगामी 16 दिसंबर को होने वाली हांसी विकास रैली की तैयारियों को लेकर वीरवार को पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन तथा एसडीएम राजेश खोथ ने रैली स्थल का दौरा किया और की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। इस रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन तथा एसडीएम राजेश खोथ ने रैली स्थल पर पहुंचकर प्रबंधों का गहनता से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों व पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि रैली में आने वाले आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संपूर्ण पुलिस बल हर समय सतर्क व मुस्तैद रहे।उन्होंने प्रवेश व निकास द्वार, पार्किंग स्थल, वीआईपी मार्ग, स्टेज के आसपास की सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण प्रबंधों का विस्तार से निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम राजेश खोथ ने प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई,पानी, बिजली, यातायात मार्ग, बैठने की व्यवस्था और अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक रविन्द्र सांगवान, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन एवं एसडीएम राजेश खोथ ने विकास रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा
