हिसार:–पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन तथा एसडीएम राजेश खोथ ने बुधवार को संयुक्त रूप से संयुक्त कार्यालय परिसर का दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यालय परिसर की व्यवस्थाओं,सुरक्षा प्रबंधों एवं नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने भवन में हाल ही में स्थापित फायर सेफ्टी सिस्टम, साफ-सफाई,आगंतुक व्यवस्था,सुरक्षा उपायों तथा पार्किंग क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल मिलना चाहिए।
एसडीएम राजेश खोथ तथा पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन कार्यालय परिसर में स्थापित विभिन्न विभागों के कार्यालय में जाकर अधिकारियों तथा कर्मचारियों से संवाद किया और कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सभी विभागों की सेवाएं समयबद्ध, सरल एवं सम्मानजनक ढंग से उपलब्ध होनी चाहिए।
दौरे के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी विभागीय गतिविधियों की जानकारी पुलिस अधीक्षक एवं एसडीएम को दी। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनसेवा की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक और एसडीएम ने परिसर के चारों ओर पेड़ों एवं पौधों की स्थिति का भी निरीक्षण किया और पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से और अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन तथा एसडीएम राजेश खोथ ने किया संयुक्त कार्यालय परिसर का दौरा
