रतिया / भुना: रतिया के समीप सन शाइन क्रिकेट अकादमी भुना द्वारा सन शाइन स्कूल के ग्राउंड में आयोजित अंडर-16 समर कप क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है,। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सन शाइन सीनियर सेकेंडरी  स्कूल के संचालक प्रेम सिंह नैन व एवरेस्ट स्पोर्ट्स क्लब संचालक अरूण खोड द्वारा किया गया था। कोच हरप्रीत कम्बोज व आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें भाग ले रही हैं। पहले चरण में चार टीमों के बीच मुकाबले खेले गए, जबकि दूसरे चरण में भी चार टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में हरियाणा की हिसार, फतेहाबाद, झज्जर तथा सन शाइन क्रिकेट अकादमी भुना की टीमों के अलावा  दिल्ली, आगरा और लखनऊ सहित अन्य राज्यों की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का यह एक शानदार मंच साबित हो रहा है।
पहले चरण के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। भुना के खिलाफ खेले गए मैच में झज्जर की ओर से अक्षत वर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शानदार 88 रन बनाए। वहीं वंश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए और अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एक अन्य मुकाबले में सन शाइन क्रिकेट अकादमी भुना ने दिल्ली की टीम को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया। इस मैच में कुशल सुखलेजा ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया, जबकि वेदाश हरमन ने अपनी प्रभावशाली गेंदबाजी से टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
उधर, हिसार की टीम ने भी शानदार खेल दिखाते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। टीम की ओर से विकास और ऋषभ ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को महत्वपूर्ण जीत दिलाई।
आयोजकों ने बताया कि दूसरे चरण के मुकाबलों में भी रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट के विजेता और उपविजेता टीमों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार और ट्रॉफी निर्धारित की गई हैं, जिससे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।