चंडीगढ़, 28 अक्टूबर:- हरियाणा में गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना (गन्ना प्रौद्योगिकी मिशन) के तहत वर्ष 2026-27 के दौरान गन्ना किसानों को मशीनीकरण और आधुनिक कृषि उपकरणों का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसके लिए किसान 31 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत किसान 30 से 120 लीटर क्षमता वाले पावर-ऑपरेटेड गन्ना सेट उपचार उपकरण, 5 से 7.5 बीएचपी तक के इंजन से चलने वाले पावर वीडर, गन्ने के रैटून प्रबंधन उपकरण, चौड़ी कतारों के लिए रिजर, 4 फुट के रोटावेटर, ट्रैक्टर से चलने वाले स्प्रेयर, सब-सॉइलर/चिज़लर, गन्ना कटर/स्ट्रिपर/प्लांटर और मिनी ट्रैक्टर जैसे आधुनिक कृषि उपकरणों का लाभ ले सकते हैं।

इन कृषि उपकरणों का लाभ लेने के इच्छुक किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriharyana.gov.in पर जाकर 31 अक्टूबर, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

प्रवक्ता ने किसानों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।