संतोषगढ़/ऊना, 12 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- गौ रक्षणी सभा संतोखगढ़ द्वारा वीरवार को एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान गौशाला कमेटी के पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर गौशाला के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार पर कड़ी आपत्ति जताते हुए स्पष्ट किया कि बिना तथ्य और प्रमाण के जो भी व्यक्ति गौशाला के खिलाफ गलत प्रचार-प्रसार करेगा, उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए गौशाला कमेटी के चेयरमैन शादी लाल ने कहा कि संतोखगढ़ गौशाला क्षेत्र की एक पवित्र और सामाजिक सेवा से जुड़ी संस्था है, जिसका मुख्य उद्देश्य गौ सेवा और समाज सेवा करना है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी व्यक्तिगत पहचान बनाने और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए सोशल मीडिया पर गौशाला के खिलाफ झूठी और भ्रामक बातें फैला रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि गौशाला किसी भी प्रकार की राजनीति का मंच नहीं है। कुछ लोग भगवान के दरबार को भी राजनीति का माध्यम बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति बिना किसी प्रमाण के गौशाला की छवि खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि संतोखगढ़ गौशाला का स्वरूप लगातार बदला जा रहा है और यहां सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। गौशाला के विकास के लिए कई नए कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में इसका स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।
गौशाला कमेटी के अध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि गौशाला को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। यहां राधा-कृष्ण जी का भव्य गेट और मंदिर लाखों रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गौशाला में हो रहे विकास कार्यों को देखकर क्षेत्र के लोग खुलकर समर्थन कर रहे हैं और समाज के विभिन्न वर्गों से सहयोग मिल रहा है। आने वाले समय में गौशाला से जुड़े अन्य स्थानों और सुविधाओं को भी उपयोग में लाया जाएगा, ताकि गौ सेवा को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि गौशाला समाज की आस्था और सेवा का केंद्र है, इसलिए सभी लोगों को मिलकर इसके विकास में सहयोग करना चाहिए और अफवाहों से दूर रहना चाहिए।
इस अवसर पर गौशाला कमेटी के महासचिव जगमोहन सिंह वालिया, कोषाध्यक्ष मूल राज कौशल, चरन दास, बलराम चब्बा, राजिंदर प्रभाकर, देवी लाल, मनोहर चब्बा, रमेश चंद, मुकेश पुरी, बंटी सैनी, भूषण परलाहद, भूपिंदर, गुलशन, गौरव कपिला, मास्टर राकेश, बलराम महे और राममूर्ति सैनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।