मुंबई:- मंगलवार को शेयर बाजार में जोरदार वापसी देखने को मिली। बेंचमार्क सेंसेक्स 1,109 अंक चढ़ा, जबकि निफ्टी 22,720 के पार बंद हुआ।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,109.10 अंक यानी 1.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ दिन के उच्च स्तर के करीब 73,033.78 पर बंद हुआ। यह चार महीनों में इसकी एक दिन की सबसे बड़ी तेजी रही। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,120.99 अंक यानी 1.55 प्रतिशत चढ़कर 73,045.67 के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 358.60 अंक यानी 1.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,721.95 पर बंद हुआ। यह दो महीने से अधिक समय में इसकी एक दिन की सबसे मजबूत वापसी रही। कारोबार के दौरान सूचकांक ने 22,721.95 का उच्च स्तर छुआ।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर 8.28 प्रतिशत चढ़े। आईटी कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में अपने समेकित शुद्ध लाभ में 21.18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो 5,132 करोड़ रुपये रहा। यह वृद्धि तेजी से बढ़ते एडवांस्ड एआई कारोबार से बेहतर मार्जिन और कम कर के कारण हुई। इसके अलावा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर 6.59 प्रतिशत, टेक महिंद्रा के 4.90 प्रतिशत और इन्फोसिस के 4.44 प्रतिशत चढ़े।

एचयूएल, टाइटन, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, एमएंडएम और आईसीआईसीआई बैंक भी सूचकांक को ऊपर ले जाने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल रहे। कोटक महिंद्रा बैंक, इटरनल और मारुति पिछड़ने वाली कंपनियों में रहे।

सोमवार को सेंसेक्स 547.65 अंक यानी 0.76 प्रतिशत गिरकर 71,924.68 पर बंद हुआ था। निफ्टी 157.10 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,363.35 पर बंद हुआ था।