हरोली/ऊना, 24 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- भारत सरकार के सांख्यिकी विभाग द्वारा आज प्रो सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में एक दिवसीय सांख्यिकी कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने अतिथियों, व्याख्याताओं तथा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए किया। इस अवसर पर प्रो. आर.एस. डडवाल ने सभी का स्वागत किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सांख्यिकी के महत्व, डेटा संग्रहण की विधियों तथा इसके व्यावहारिक उपयोगों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में अर्थशास्त्र विभाग के विशेषज्ञों डॉ. श्याम सिंह और डॉ. मंजीत मान (राजकीय महाविद्यालय ऊना) ने विद्यार्थियों को आधुनिक सांख्यिकीय तकनीकों, सर्वेक्षण प्रक्रिया और डेटा विश्लेषण के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में प्रत्येक क्षेत्र में सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है, जो नीतियों के निर्माण और विकास कार्यों को दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं उनके ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा इस उपयोगी कार्यशाला के आयोजन के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया।