हांसी:- जिला बाल कल्याण परिषद् द्वारा बच्चों एवं युवाओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को बाल भवन परिसर में अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के निजी सचिव नवीन कौशिक रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलितकर एवं रिबन काटकर ई-लाइब्रेरी का विधिवत उद्घाटन किया तथा बाद में बाल भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवीन कौशिक ने ई-लाइब्रेरी का अवलोकन करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है और वर्तमान डिजिटल युग में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस ई-लाइब्रेरी का निर्माण सर्व कल्याण मंच द्वारा कराया जा रहा है तथा इसके संचालन एवं रखरखाव का संपूर्ण खर्च भी मंच ही वहन करेगा, जिससे हांसी जिले के विद्यार्थी बाल भवन में आकर आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का नि:शुल्क लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि ई-लाइब्रेरी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन शिक्षण संसाधन, ई-बुक्स तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएगी। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन, कठिन परिश्रम एवं सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने जिला बाल कल्याण परिषद् की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।
जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश बिबयान ने बताया कि जिला बाल कल्याण परिषद् सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद् के अध्यक्ष राहुल नरवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में सर्व कल्याण मंच को बाल भवन में ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। उपायुक्त के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के अनुरूप आज यह आधुनिक ई-लाइब्रेरी विद्यार्थियों को समर्पित की गई है।
उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थियों को इंटरनेट सुविधा, विभिन्न विषयों से संबंधित डिजिटल अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन शिक्षण संसाधन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह ई-लाइब्रेरी जिले के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को जिला बाल कल्याण परिषद् की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अंत में जिला बाल कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश बिबयान ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सर्व कल्याण मंच के पदाधिकारियों, सहयोगी संस्थाओं, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिषद भविष्य में भी बच्चों के हित में ऐसे नवाचारपूर्ण एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
इस अवसर पर सर्व कल्याण मंच के प्रधान रविंद्र अत्री, कार्यक्रम अधिकारी मोनिका, प्रधान अभय राम आह्लान, जयप्रकाश नौलिया, रामलाल नौलिया, कर्मबीर , वेदप्रकाश, महाबीर, धर्मवीर सुपरवाइजर, नरेश उमरा व जिला बाल कल्याण परिषद् के आजीवन सदस्य, गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, कर्मचारी, सर्व कल्याण मंच के पदाधिकारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।