होशियारपुर:- सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, मुकेरियां में “बदलती दुनिया के लिए मूल्य” विषय पर एक विशेष एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बदलते सामाजिक, तकनीकी और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर सरकारी फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट, होशियारपुर के जिला समन्वयक एवं मास काउंसलर अश्विनी कुमार कुंडल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में विद्यालय के डायरेक्टर जेवियर, प्रिंसिपल निशा, वाइस प्रिंसिपल बीना, मैडम ज्योति, सतनाम सिंह, नवदीप सिंह तथा समस्त स्टाफ द्वारा मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने “बदलती दुनिया के लिए मूल्य” विषय पर आधारित विभिन्न थीम कार्यक्रमों और स्किट्स की शानदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों के प्रभावशाली अभिनय और संदेशपूर्ण प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा।
मुख्य अतिथि अश्विनी कुमार कुंडल ने अपने संबोधन में अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बदलते एआई (AI) युग में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी रुचियों के अनुसार पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय कौशल विकास का युग है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए स्किल आधारित शिक्षा एवं पाठ्यक्रमों की जानकारी देना समय की मांग है।
उन्होंने आगे बताया कि पर्यटन विभाग, पंजाब सरकार तथा पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2011 से जिला होशियारपुर में स्थापित फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट, होशियारपुर में विभिन्न राज्यों के विद्यार्थियों के लिए फूड ट्रेनिंग से संबंधित डिप्लोमा एवं 6 माह के कौशल विकास पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को प्लेसमेंट की सुविधा भी प्रदान की जाती है। श्री कुंडल ने कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों के लिए वरदान साबित हो रहा है और इच्छुक छात्र इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से देश व विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि का धन्यवाद किया और इस प्रकार के ज्ञानवर्धक कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बदलती दुनिया के लिए मूल्य विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
