हांसी:– डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन के मार्गदर्शन में हांसी शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज बुधवार को वार्ड नंबर 1, 5, 16, 19 एवं 24 में विशेष सफाई अभियान चलाकर गलियों, मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों एवं कूड़ा संग्रहण स्थलों की व्यापक सफाई करवाई गई।
अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों ने नालियों से गाद एवं कचरा निकालकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर फैले कूड़े-कचरे को हटाकर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया गया। नगर परिषद की टीम ने कूड़े के वैज्ञानिक एवं समयबद्ध निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की।
डीएमसी एवं एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य हांसी को प्रदेश के सबसे स्वच्छ एवं सुंदर शहरों में शामिल करना है।
नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की कि वे घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
नगर परिषद द्वारा आगामी दिनों में भी शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान जारी रहेगा, ताकि प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके और हांसी को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श शहर बनाने का संकल्प साकार हो सके।