हांसी (दिनकर गावड़ी):- जिला हांसी में पुलिस व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने थाना सदर हांसी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा पुलिस कर्मचारियों के कार्य वातावरण का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने में रखे विभिन्न महत्वपूर्ण रजिस्टरों की जांच की। इनमें रोज़नामचा, एफआईआर, शिकायत, हिस्ट्रीशीटर, समन एवं वारंट, गुमशुदगी, बीट, वाहन जब्ती, हवालात और मालखाना रजिस्टर सहित सीसीटीएनएस रिकॉर्ड शामिल थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी रिकॉर्ड अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने तथा लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी विनोद कुमार ने मालखाने में जमा केस प्रॉपर्टी की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आर मोरी, पुलिस जवानों की बैरक, मेस, शौचालयों और थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस कर्मचारियों से संवाद करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर बेहतर अनुशासन, पारदर्शिता और व्यवस्थित कार्यप्रणाली से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस कर्मचारी आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें तथा अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी उचित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को थाना परिसर में स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डीएसपी विनोद शंकर, निरीक्षक सदानंद, थाना प्रभारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
