रतिया, 28 फ़रवरी:- श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्री श्याम मंदिर शिलान्यास समारोह के उपलक्ष्य में भव्य निशान यात्रा निकाली गई। जिसका शुभारंभ निर्माणाधीन श्री खाटू श्याम मंदिर के पावन स्थल से श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के प्रधान राजकुमार सिंगला (राजू करण्डी) की अगुवाई में हुआ।सर्वप्रथम मुख्य यजमान मदन गोयल ट्रांसपोर्ट वाले ने बाबा श्याम का पूजन किया उसके बाद जोनी बंसल ने बाबा श्याम जी की आरती की। तत्पश्चात अनाज मंडी के नवनिर्मित प्रधान दर्शन काका नारियल फोड़ कर इस भव्य यात्रा का शुभारंभ किया।
इसके साथ ही दीपक मित्तल व अमित गर्ग शैलर वाले ने झंडी देकर बाबा श्याम के जयघोषों के साथ इस शोभा यात्रा को रवाना किया। हाथों में लाल व पीले रंग की ध्वजा लिए हजारों की संख्या में श्याम प्रेमियों व महिलाओं का निशान यात्रा समूह निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर पावन स्थल से शुरू होकर बैंड बाजे की धुन पर.."हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा,जग में सुंदर है दो नाम चाहे कृष्ण कहो या श्याम,जय-जय श्रीकृष्ण,जय-जय श्री श्याम" के नारे लगाते हुए मार्केट कमेटी,अनाज मंडी,शिव मंदिर,मण्डी रोड,भक्त सिंह चौक,मेन बाजार,श्याम चौक,पुराना बाजार,पुराना डाकखाना वाली गली,शीतला मंदिर,खटीक मोहल्ला,पी०एन०बी० वाली गली,टोहाना रोड,गुरुद्वारा वाली गली,राम पार्क,महाराजा अग्रसेन चौक,माॅडल टाउन से होते हुए सांय निर्माणाधीन श्री श्याम मंदिर के पावन स्थल पर पहुँचकर सम्पन्न हुई।
शहर की विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा व इत्र वर्षा कर निशान यात्रा का भव्य स्वागत किया और श्याम भक्तों को जलपान व प्रसाद वितरित किया।निशान यात्रा में श्रद्धालु भजन कीर्तन एवं बैंड-बाजे की धुनों पर झुमते नाचते चल रहे थे व रंग गुलाल खेल कर खुशी बना रहे थे। निशान यात्रा को लेकर पूरे शहर को रंग बिरंगी लड़ियों व स्वागत द्वारों से सजाया गया था। हाथों में लाल व पीले रंग की ध्वजा लिए श्याम भक्त लंबी व कतारबद्ध पंक्तियों में फुलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान बाबा श्याम के स्वरूप के आगे आगे चल रहे थे।
समस्त रतिया शहर इस निशान यात्रा की भव्यता में लीन होकर श्रीश्याममय हो गया व भक्ति रस में डूब गया। आज रतिया में खाटू धाम जैसा नजारा देखने को मिला। अंत में ट्रस्ट प्रधान राजकुमार सिंगला कंरडी ने सभी के अभूतपूर्व सहयोग के लिए उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। और अपील करते हुए कहा कि श्री खाटू श्याम मंदिर के लिए ज्यादा से ज्यादा दान और सहयोग करे ताकि बाबा के मंदिर का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके। इस मौके पर श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के सभी सदस्य मौजूद रहे।
