रतिया, 11 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- शक्ति नाटक क्लब रतिया द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी शक्ति नगर रतिया स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर गुरुद्वारा ग्राउंड में भव्य रामलीला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाबी सभा के अध्यक्ष सतीश हांडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और रिबन काटकर रामलीला का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल सभा के अध्यक्ष प्रमोद बंसल ने की।
इससे पहले रामलीला मंच पर शहर के सभी मंदिरों के पुजारियों द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। समाजसेवी भीष्म भटेजा द्वारा बालाजी महाराज की ध्वज रस्म भी आयोजित की गई।
मुख्य अतिथि सतीश हांडा ने कहा कि रामलीला का मंचन आमजन को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों के प्रति प्रेरित करता है। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी।
रामलीला के पहले दिन श्रवण कुमार का प्रसंग मंचित किया गया। श्रवण कुमार अपने अंधे और वृद्ध माता-पिता शांतनु और ज्ञानवती को कांवड़ में बैठाकर तीर्थयात्रा पर ले जाते हैं। यह दृश्य माता-पिता के प्रति उनकी भक्ति और समर्पण को दर्शाता है। माता-पिता की प्यास बुझाने के लिए जब श्रवण सरयू नदी में कलश डुबोते हैं, तो शिकार पर निकले राजा दशरथ पानी की आवाज को किसी हिंसक पशु की ध्वनि समझ लेते हैं और शब्दभेदी बाण चला देते हैं। तीर लगने के बाद घायल श्रवण दशरथ को अपना परिचय देते हैं और अपने प्यासे माता-पिता को पानी पिलाने का आग्रह करते हुए प्राण त्याग देते हैं। पश्चाताप से भरे दशरथ जब पानी लेकर उनके माता-पिता के पास पहुंचते हैं और सच्चाई बताते हैं, तो श्रवण के माता-पिता विलाप करते हैं और प्राण त्यागने से पहले दशरथ को श्राप देते हैं कि उनकी मृत्यु भी पुत्र-वियोग में तड़पते हुए होगी। मंच पर प्रस्तुत यह दृश्य अत्यंत भावुक और मार्मिक रहा। यह दर्शकों को माता-पिता के प्रति कर्तव्य और कर्मफल के सिद्धांत का संदेश देता है।
रामलीला के पहले दिन उपस्थित गणमान्य अतिथियों में नंबरदार एसोसिएशन के प्रधान ज्ञानचंद चोपड़ा, संयोजक विज्ञान सागर बाघला, रघुनाथ मंदिर कमेटी के प्रधान सुभाष चुघ, हनुमान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राधेश्याम चोपड़ा, पंजाबी सभा के महासचिव कृष्ण तनेजा, शिव दल लंगर कमेटी के प्रधान पुजारा लाल चुघ, डॉ. हंसराज, हरबंस खन्ना, विक्की मेहता, बलराज मोंगा, हरबंस मेहता, दिनेश तनेजा, शिव वधवा, प्रवीण तनेजा, प्रेम चिल्लाना, धर्मेंद्र गोस्वामी, कपिल आनंद तथा मंडेर इंटरप्राइजेज के संचालक विक्की मंडेर सहित अन्य अतिथि मौजूद थे।
रामलीला के पहले दिन चोपड़ा टीवी कॉर्नर के संचालक सतीश चोपड़ा ने घोषणा की कि उनकी ओर से हर दिन सर्वश्रेष्ठ कलाकार को पुरस्कार दिया जाएगा।
पहले दिन की रामलीला संपन्न होने पर शक्ति नाटक क्लब के कमेटी प्रधान राजेश सेतिया, रवि मिड्ढा, अंशुल बत्रा, लवली गिल्होत्रा, सचिन ललित, करनैल सिंह, अनिल रुखाया, दिनेश कक्कड़, रमेश जताना और अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
