नवांशहर - शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधन के तहत चल रहे शिक्षण संस्थान सभी वर्गों के विद्यार्थियों को कम फीस पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। वहीं, इन संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र आधुनिक तकनीक से कोर्स कर देश-विदेश में सफलता की ऊंचाइयों को छू रहे हैं।
यह बात शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कॉलेज की बेहतरी के लिए कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रणजीत सिंह को 55 लाख रुपये का चेक भेंट करते हुए व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महान शहीद भाई संगत सिंह के नाम पर चल रही इस संस्था ने बहुत कम समय में शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी अपना नाम रोशन किया है।
इस मौके पर कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रणजीत सिंह ने एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी अध्यक्ष एसजीपीसी, जत्थेदार गुरबख्श सिंह खालसा जूनियर उपाध्यक्ष एसजीपीसी, सुखमिंदर सिंह शिक्षा सचिव और गुरुमीत सिंह बूह शिक्षा प्रभारी का धन्यवाद किया और कहा कि कॉलेज के मेहनती स्टाफ के कारण यह संस्था दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रही है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में और भी नए कोर्स शुरू कर क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक बनाया जाएगा।