हांसी, 16 सितंबर:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला में लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सात रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
एसडीएम एवं सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी राजेश खोथ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले इन रक्तदान शिविरों में आमजन, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों को बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक बहुत ही मानवीय कार्य है और स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
एसडीएम राजेश खोथ ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को आईटीआई हांसी में मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 सितंबर को विकास मान अस्पताल, हांसी में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। 22 सितंबर को एसडी महिला कॉलेज, हांसी तथा राजकीय महाविद्यालय, हांसी से संबंधित रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 29 सितंबर को जयपाल दातना स्पोर्ट्स अकादमी, भाटोल रोड, गांव गढ़ी, 2 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसाय, 8 अक्टूबर को दादा देवराज, धर्मशाला, नारनौंद तथा 15 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिर्चपुर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
एसडीएम ने संबंधित विभागों एवं आयोजकों को निर्देश दिए कि सभी शिविरों में रक्तदाताओं की सुविधा, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा जागरूकता गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाए और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि जो भी स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति रक्तदान करने में सक्षम हैं, वे इन शिविरों में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें और सेवा संकल्प अभियान को जनसेवा की भावना से जोड़ते हुए जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में अपना योगदान दें।