संगरूर, 24 अक्टूबर:- उपायुक्त श्रीमती पूनमदीप कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना-2027 के तहत जनसंख्या गणना का दूसरा चरण पंजाब में 16 नवंबर, 2026 से शुरू होगा और 4 जनवरी, 2027 तक जारी रहेगा। इसके तहत 16 से 30 नवंबर, 2026 तक लोगों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी, जबकि 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े लोगों की जरूरतों के अनुसार विकास योजनाएं तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार बनते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित भविष्य की योजना बनाने के लिए जनसंख्या की सही और पूरी जानकारी उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को सफल बनाने में प्रत्येक परिवार की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने जिले के निवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर तक निर्धारित अवधि के दौरान जारी निर्देशों के अनुसार ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं। अपने परिवार का विवरण दर्ज करते समय जानकारी की सावधानीपूर्वक जांच करें, ताकि कोई भी विवरण गलत या अधूरा न रहे। उन्होंने विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों से जनगणना में बढ़-चढ़कर सहयोग देने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि 1 दिसंबर से घर-घर आने वाले अधिकृत गणनाकर्मियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाए और उनके सवालों के सही तथा स्पष्ट जवाब दिए जाएं। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ही प्रत्येक व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करते हुए इस कार्य को सुचारू रूप से पूरा किया जा सकेगा।
उन्होंने पंचायतों, स्थानीय संस्थाओं, समाजसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे जनगणना के महत्व और निर्धारित तिथियों के बारे में लोगों को जागरूक करें।
‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जनगणना को सफल बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक सही जानकारी देकर भविष्य की विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने में अपना योगदान दे।
