हिसार:– स्थानीय संयुक्त कार्यालय परिसर हांसी में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने विभिन्न जन समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार दयाचंद सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
शिविर में जलभराव को लेकर रखी समस्याओं पर एसडीएम राजेश खोथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तुरंत मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान शिविर में चार कुतुब गेट निवासी शीला देवी की विधवा पेंशन तथा पुट्टी मंगल खा निवासी कश्मीरी लाल की बुढ़ापा पेंशन बनवाने संबंधी शिकायतें भी प्रस्तुत हुईं। एसडीएम ने संबंधित विभाग को आवश्यक कागजातों की जांच कर तुरंत पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार दुर्गा कॉलोनी निवासी संजीव कुमार ने अपने मकान के पास खाली प्लॉट में बरसाती पानी भरने से हो रही परेशानी की शिकायत रखी। इस पर एसडीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों को तुरंत मौके पर जाकर पानी की निकासी करने के निर्देश दिए। साथ ही, सिवाना गांव के शमशान घाट के पास जलभराव की समस्या को दूर करने हेतु इलेक्ट्रिक पंप सेट लगाने के आदेश भी दिए।
शिविर के दौरान परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने सहित कई अन्य आवेदन भी प्रस्तुत किए गए, जिनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
एसडीएम राजेश खोथ ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य है कि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने सुनी जन समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
