रतिया, 30 जुलाई:- उपायुक्त डा. विवेक भारती के निर्देशानुसार उपमंडल पर आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में गांव तामसपुरा निवासी ने शिकायत दी कि उसके घरेलू बिजली कनेक्शन का मीटर चोरी हो गया है, लेकिन शिकायत देने के बावजूद आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। एसडीएम ने इस मामले को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन), रतिया के एसडीओ को भेजते हुए नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायत में गांव सैखुपुर सोतर के निवासी ने पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वाटर वर्क्स की मुख्य पाइपलाइन से नई पाइपलाइन जोड़ने की मांग रखी। एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने इस प्रकरण को बीडीपीओ, रतिया के पास आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए भेजते हुए जनहित के इस मामले का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से लोगों को शीघ्र राहत प्रदान करें।
एसडीएम ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं त्वरित समाधान के दिए निर्देश
