हिसार:–शहीद राजबीर सिंह के 25वें शहीदी दिवस के अवसर पर ढाणी सांकरी गांव में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन शहीद की स्मृति में समर्पित था, जिसमें क्षेत्र के युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और 133 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ एसडीएम राजेश खोथ द्वारा किया गया, उन्होंने रक्तदाताओं को समाज के हीरो बताते हुए  युवाओं को समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया। शिविर की अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी नरेश नरवाल ने की, जिनकी प्रेरणा से यह आयोजन और भी प्रभावशाली बना।
एसडीएम  राजेश खोथ ने रक्तदाताओं को पौधों की भेंट देकर उनका आभार व्यक्त किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है जो किसी के जीवन को बचा सकता है, और शहीदों की स्मृति में ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सेवा की भावना और भी प्रबल होती है।
इस अवसर पर गांव के गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, चिकित्सा विभाग की टीम, और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रूप से किया गया, जिसमें चिकित्सा सुविधाएं, पंजीकरण और रक्त संग्रहण की प्रक्रिया अत्यंत सुव्यवस्थित रही।
 आयोजकों और ग्रामवासियों ने शहीद राजबीर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।शहीद के पिता महाबीर सिंह ,धर्मवीर सिंह ,सुरेश कुमार ,राजेश ढिल्लों,यशवीर ढिल्लों,राज सिंह ,सुनील सिहाग ,यादवेंद्र सिंह ,मनोज कुमार ,राजेश यादव ,रामनिवास गढ़ी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।