करनाल, 1 अक्तूबर: एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हाल ही में लाडो लक्ष्मी एप लांच किया गया है। इस ऐप की शुरुआत होने पर काफी महिलाएं पंजीकरण के लिए आगे आई हैं, जिन महिलाओं ने अब तक इस एप पर पंजीकरण नहीं करवाया है, वे दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए एप पर पंजीकरण अवश्य करवाएं। पंजीकरण के उपरांत आगामी एक नवंबर से महिलाओं को हर माह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।
एसडीएम अनुभव मेहता हरियाणा सरकार के निर्देशों की अनुपालना में मंगलवार को देर सायं रात्रि ठहराव के लिए निसिंग ब्लॉक के गांव थरोटा पहुंचे। यहां उन्होंने गांव वासियों की समस्याओं को सुना और मौके पर निवारण किया। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत परिवार में एक से अधिक महिलाओं को आर्थिक लाभ मिलेगा।
सरकार द्वारा प्रथम चरण के तहत एक लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों की महिलाओं को लाभ देने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि पंजीकरण के लिए स्वयं का तथा परिवार के अन्य सदस्यों का आधार कार्ड, रिहायशी प्रमाण पत्र तथा बैंक खाता नंबर अनिवार्य है।
रात्रि ठहराव के दौरान सरपंच गुरपिंदर सिंह ने एसडीएम अनुभव मेहता व अन्य अधिकारियों का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने बारी-बारी से गांववासियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याएं रखी गईं। इनमें से कुछ समस्याओं का निवारण मौके पर किया गया जबकि कुछ समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के लिए दिया गया।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान एसडीएम अनुभव मेहता ने गांव का दौरा भी किया और ई लाईब्रेरी में व्यवस्था तथा साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि गांव की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। ताकि उनके गांव का नाम भी स्वच्छता की सूची में शामिल हो।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंच सके और जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों को समझा जा सके। इस कार्यक्रम में गांव से संबंधित जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उनका समाधान करवाया जाएगा। जिला प्रशासन जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार है।
समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता:
ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एसडीएम अनुभव मेहता के समक्ष रखीं, जिनमें मुख्य रूप से फैमिली आईडी में आय सत्यापन, बुढ़ापा पेंशन, पीपीपी में जन्म तिथि सत्यापन, गांव में खेल मैदान,गांव में नंबरदार नियुक्त करने बारे, विधुर पेंशन , बिजली बिल से संबंधित, डा. भीमराव अम्बेडकर भवन के निर्माण व डेरे का रास्ता पक्का करवाने से संबंधित समस्या शामिल रही। एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान मौके पर ही फूल कुमारी की बनी बुढ़ापा पेंशन:
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान फूल कुमारी ने अपनी लंबित बुढ़ापा पेंशन से संबंधित समस्या एसडीएम अनुभव मेहता के समक्ष रखी। इस मामले उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिसके परिणामस्वरूप कार्यक्रम स्थल पर ही समाज कल्याण विभाग द्वारा फूल कुमारी की बुढ़ापा पेंशन बनाई गई । इस त्वरित और प्रभावी समाधान से भावुक हुई फूल कुमारी ने प्रसन्नता व्यक्त की और एसडीएम अनुभव मेहता का आभार व्यक्त किया।
समाधान शिविर का फायदा उठाएं आमजन: एसडीएम:
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला में लघु सचिवालय सहित सभी उपमंडल कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समाधान शिविरों में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन एवं अन्य संबंधित शिकायतों की मौके पर सुनवाई की जा रही है तथा समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि समाधान शिविर का फायदा उठाएं व अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान पाएं।
इस दौरान डीडीपीओ कंचनलता, तहसीलदार निसिंग सुरेश, बीडीपीओ शिखा, एसएचओ भगवान दास सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
