संगरूर, 10 अक्तूबर:- विधायक नरिंदर कौर भराज ने संगरूर में कैरॉन फैक्ट्री ग्राउंड, पटियाला बाईपास, यादविंदरा होटल के सामने आयोजित ‘सरस मेला-2026’ में शिरकत की। उन्होंने पूरी आयोजन टीम के साथ मेले का औपचारिक शुभारंभ किया और मेले में पहुंचे क्षेत्रवासियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। जिला प्रशासन संगरूर द्वारा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, पंजाब के सहयोग से आयोजित यह मेला 20 अक्तूबर तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर विधायक नरिंदर कौर भराज ने कहा कि सरस मेला हमारी समृद्ध विरासत, संस्कृति और पारंपरिक कलाओं का खूबसूरत संगम है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले लोगों को देश के विभिन्न क्षेत्रों की कला और संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ ग्रामीण दस्तकारों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को अपने हुनर की पहचान बनाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
श्रीमती भराज ने कहा कि हाथ से तैयार किए गए उत्पादों में कारीगरों की मेहनत, रचनात्मकता और पीढ़ियों से चली आ रही कला की झलक दिखाई देती है। इन उत्पादों की खरीदारी करके लोग दस्तकारों की आय बढ़ाने और पारंपरिक हुनर को संरक्षित करने में अपना योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मेले में लगे स्टॉलों पर पहुंचकर ग्रामीण दस्तकारों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार की गई वस्तुएं खरीदें और उनका उत्साहवर्धन करें।
विधायक ने कहा कि ऐसे मेले स्वयं सहायता समूहों के लिए अपने उत्पाद सीधे खरीदारों तक पहुंचाने का बेहतरीन अवसर हैं। विशेष रूप से इन समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने हुनर के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनने और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण हुनर को बड़े बाजार से जोड़ने वाली ऐसी पहलों की सफलता में लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
मेले की पहली शाम प्रसिद्ध पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल ने अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन किया और मेले की रौनक को और बढ़ाया। श्रीमती भराज ने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियां लोगों को पंजाबी संगीत और विरासत से जोड़ती हैं तथा नई पीढ़ी में अपनी कला और संस्कृति के प्रति रुचि पैदा करती हैं।
उन्होंने बताया कि मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आए दस्तकारों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा हाथ से तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए स्टॉल लगाए गए हैं। परिवारों और बच्चों के मनोरंजन के लिए जलपरी शो, पारंपरिक और आधुनिक झूले, फन गेम्स तथा कार सर्कस के प्रबंध भी किए गए हैं।
विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के फूड स्टॉल और सेल्फी पॉइंट भी मेले के आकर्षण हैं। इसके अलावा, हर शाम प्रसिद्ध गायक और कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
विधायक नरिंदर कौर भराज ने मेले के आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पूरी आयोजन टीम और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से संगरूरवासियों को एक ही स्थान पर खरीदारी, मनोरंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेने का अवसर मिला है। उन्होंने संगरूर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपने परिवारों सहित मेले में पहुंचने और इसकी रौनक का आनंद लेने की अपील की।
इस अवसर पर नगर परिषद संगरूर के अध्यक्ष भूपिंदर सिंह नाहिल, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सुखचैन सिंह पापड़ा, एसडीएम संगरूर सतीश चंद्र सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
