रतिया, 24 नवंबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- देश की आन, बान और शान को बरकरार रखते हुए अपने प्राणों की आहुति देकर देश के सम्मान, अस्मिता और स्वतंत्रता की ज्वाला को प्रचंड करने वाले शहीद देविंद्र सिंह ने रतिया के प्रथम शहीद होने का गौरव प्राप्त किया। उनका नाम सदैव गौरवमयी इतिहास के सुनहरे पन्नों में अंकित रहेगा। शहीद देविंद्र सिंह का जन्म 10 अगस्त 1978 को रतिया में सरदार करमजीत सिंह के घर माता श्रीमती हरजीत कौर की कोख से हुआ। देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर शहीद देविंद्र सिंह भारतवर्ष की प्रत्येक मां और पिता की आंखों का तारा बन गए। रतिया क्षेत्र में शहादत का गौरवमयी इतिहास रचने वाले इस जवान में बचपन से ही देशप्रेम का जज्बा भरा हुआ था। जब वह रतिया में प्राथमिक शिक्षा ग्रहण कर रहे थे, तो अक्सर अपने साथियों से फौजी बनकर देश की सेवा करने की बातें किया करते थे। उन्होंने 1996-97 में सरकारी स्कूल एम.पी. सोत्र से दसवीं कक्षा पास की। फौजी बनने का संकल्प मन में बसाकर उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया में बारहवीं की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और वर्ष 1998 में भारतीय सेना में भर्ती हो गए। 8-सिख रेजिमेंट के अंतर्गत रामगढ़ (बिहार) में प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने फिरोजपुर (पंजाब) में डेढ़ वर्ष तक पूरी लगन से सेवा निभाई। इसी दौरान वर्ष 2001 में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा क्षेत्र में भारतीय सेना द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। उस समय देविंद्र सिंह की कमान में एक टुकड़ी तलाशी अभियान में आगे बढ़ रही थी। अचानक कुख्यात आतंकवादी हाजी और अन्य आतंकवादियों के साथ सेना का भीषण संघर्ष हुआ। इस मुठभेड़ में जांबाज देविंद्र सिंह ने चीते जैसी फुर्ती और बहादुरी दिखाते हुए देश के दुश्मन आतंकवादी हाजी और उसके एक अन्य साथी को मार गिराया। अंतिम सांस तक देश की सेवा करते हुए उन्होंने अपनी धर्मपत्नी जसविंद्र कौर और एक छोटी बच्ची को पीछे छोड़कर 19 नवंबर 2001 को भारत माता का कर्ज चुकाते हुए सदा-सदा के लिए मातृभूमि की गोद में स्थान पा लिया।

भारत मां के इस सपूत ने दुश्मनों को नाकों चने चबाते हुए जम्मू-कश्मीर के जिला कुपवाड़ा की साउथ हिल पर अपने प्राणों की आहुति देकर वीरगति प्राप्त की। उनकी अंत्येष्टि के अवसर पर विशाल जनसमूह द्वारा “शहीद देवेंद्र सिंह अमर रहें” के गगनभेदी नारे लगाए गए। जब इन नारों की गूंज आसमान तक पहुंची, तो सभी के होठों पर ये शब्द थे:

“शहीदों की चिताओं पर लगेंगे हर वर्ष मेले,

वतन पर मिटने वालों का यही बाकी निशां होगा।”

शहीद देविंदर सिंह रतिया के प्रथम शहीद हैं। यह जानकारी देते हुए संगठन के प्रधान अजैब सिंह मंडेर ने बताया कि शहीद देविंदर सिंह की शहादत को समर्पित, उनके विचारों पर अमल करने और कल्याणकारी कार्यों के उद्देश्य से शहीद देविंदर सिंह यादगारी क्लब सेवा सोसायटी (रजिस्टर्ड 244) द्वारा वर्ष 2001 से लगातार शहीद का शहीदी दिवस जन-जागरूकता के रूप में मनाया जाता रहा है। इस वर्ष भी शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में “नशा भगाओ-समाज बचाओ तथा पर्यावरण बचाओ, जिंदगी बचाओ” के संदेश के साथ 19 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक शहीदी सप्ताह मनाने का फैसला किया गया है। शहीदी दिवस का शुभारंभ 19 नवंबर को शहीद के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। पूर्व की भांति कार्यक्रमों की श्रृंखला में 25 नवंबर 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रतिया में सुबह 9:30 बजे प्रार्थना सभा के दौरान चेतना समागम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद चेतना रैली के रूप में शहीद के समाधि स्थल पर पहुंचकर सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक नशामुक्ति संकल्प और श्रद्धांजलि समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव है।

पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और विद्यालयों में शहीद देविंदर सिंह का शहीदी दिवस “नशा भगाओ-समाज बचाओ, पर्यावरण बचाओ, जिंदगी बचाओ” के रूप में मनाया जा रहा है।