चंडीगढ़, 24 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि समर्थ पंचायतें और जवाबदेह नगरपालिकाएं ही विकसित हरियाणा की मजबूत नींव हैं। सरकार का लक्ष्य स्थानीय निकायों को केवल प्रशासनिक इकाइयों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें अधिकारों, क्षमताओं और अपने वित्तीय संसाधनों से लैस प्रभावी स्थानीय सरकारों के रूप में विकसित करना है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम में पंचायतों और नगरपालिकाओं को मजबूत बनाने के विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार और उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं ने अपने अनुभव, नवाचार और सफल प्रयोग साझा किए हैं। दो दिनों के व्यापक विचार-विमर्श से स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने के लिए एक व्यावहारिक रोडमैप तैयार हुआ है। यह सम्मेलन स्थानीय स्वशासन की नींव मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत सचिवालयों की फाइलों में नहीं, बल्कि गांवों की गलियों और शहरों के मोहल्लों में बसती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज का सपना देखा था और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का विशाल लक्ष्य देश के सामने रखा है। इन दोनों लक्ष्यों की प्राप्ति का रास्ता गांव की चौपाल और शहर के वार्ड से होकर गुजरता है। विकसित भारत की शानदार इमारत की नींव पंचायतों और वार्डों में ही रखी जाएगी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 वर्षों में कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है, जो वैश्विक स्तर पर एक रिकॉर्ड है।


**स्थानीय निकायों की वित्तीय आत्मनिर्भरता जरूरी**

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में तीन महत्वपूर्ण विषयों- राजस्व जुटाना और वित्तीय आत्मनिर्भरता, स्वायत्तता और जवाबदेही तथा प्रभावी सेवा वितरण और समावेशी भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई है। इसके अनुसार कोई भी सरकार तभी स्वतंत्र और प्रभावी फैसले ले सकती है, जब उसका वित्तीय आधार मजबूत हो।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों को सीधे वित्तीय संसाधन हस्तांतरित करने की पारदर्शी व्यवस्था बनाई है। इसके अलावा स्टांप ड्यूटी और बिजली की खपत के हिस्से से पंचायतों की नियमित आय सुनिश्चित की गई है। शहरी स्थानीय निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए पूंजी मूल्य पर आधारित संपत्ति कर प्रणाली लागू की गई है।

मुख्यमंत्री ने पंचायती प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी साझा जमीनों, तालाबों और सामुदायिक संपत्तियों को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें। वहीं नगरपालिकाएं सरल और प्रभावी कर वसूली प्रणाली अपनाकर अपनी वित्तीय क्षमता बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि अनुदान से काम चलता है, लेकिन अपनी आय से भविष्य बनता है।


**स्थानीय निकायों के लिए 2 प्रतिशत अतिरिक्त 'मैचिंग ग्रांट' देने की घोषणा**

मुख्यमंत्री ने स्थानीय निकायों को वित्तीय रूप से और मजबूत बनाने के लिए राज्य के अपने कर राजस्व (SOTR) का 2 प्रतिशत अतिरिक्त फंड 'मैचिंग ग्रांट' के रूप में देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहरों के स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाएं अपनी परियोजना प्रस्तावों के आधार पर प्रतिस्पर्धात्मक तरीके से इस अतिरिक्त राशि का लाभ प्राप्त कर सकेंगी। वर्तमान में राज्य सरकार अपने कर राजस्व का 7 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय निकायों को आवंटित कर रही है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने राजस्व स्रोत विकसित करना जरूरी है। इस दिशा में उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने 'मैचिंग ग्रांट' देने का भी फैसला किया है। इसके तहत जो भी स्थानीय निकाय अपने स्तर पर अतिरिक्त वित्तीय संसाधन जुटाएगा, राज्य सरकार उतनी ही राशि मैचिंग ग्रांट के रूप में उपलब्ध करवाएगी। इससे स्थानीय निकायों द्वारा जुटाए गए प्रत्येक अतिरिक्त रुपये के साथ सरकार का सहयोग भी जुड़ेगा और क्षेत्र के विकास के लिए उपलब्ध संसाधन दोगुने हो सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि जिस स्थानीय निकाय का नेतृत्व अपने क्षेत्र में सबसे अधिक स्वयं का राजस्व एकत्र करने में सफल रहेगा, उसे राज्य स्तर पर विशेष रूप से सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार स्थानीय निकायों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शी शासन और बेहतर वित्तीय प्रबंधन को प्रोत्साहित करेगा।


**स्थानीय निकायों को सौंपी जाएंगी सार्वजनिक सेवाओं की जिम्मेदारियां**

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को वास्तविक अधिकार और शक्तियां प्रदान करने की दिशा में सरकार एक बड़ा नीतिगत कदम उठाने जा रही है। इसके तहत आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पेयजल आपूर्ति और अग्निशमन सेवाओं जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां स्थानीय निकायों को सौंपी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय निकायों की निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी और वे अपने क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार सार्वजनिक सेवाओं का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे।


**स्वायत्तता के साथ जवाबदेही भी जरूरी**

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों को अधिक वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार देने के साथ-साथ उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है। स्वायत्तता और जवाबदेही एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इसलिए पारदर्शिता, संपत्तियों की सही मैपिंग, समय पर ऑडिट और मजबूत लेखा प्रणाली अनिवार्य है। इस दिशा में तकनीक और डिजिटलीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ई-ग्राम स्वराज, डिजिटल संपत्ति रिकॉर्ड और ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणालियों का उद्देश्य कागजी कार्रवाई कम करना और शासन को आम नागरिकों तक पहुंचाना है। जब पंचायतों और नगरपालिकाओं का प्रत्येक पैसा ईमानदारी और पारदर्शिता से विकास कार्यों पर खर्च होगा, तभी वास्तविक सुशासन स्थापित होगा।


**विकास का पैमाना आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव**

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के आंकड़े तभी सार्थक हैं, जब उनसे आम आदमी के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आए। स्वच्छ पेयजल, ठोस कचरा प्रबंधन, सुगम सड़कें, आधुनिक पुस्तकालय और स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक की बुनियादी जरूरत और अधिकार हैं।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हरियाणा में कचरे से ऊर्जा पैदा करने वाली चार बड़ी क्लस्टर परियोजनाओं और 350 ई-अटल पुस्तकालयों जैसी पहलों की सम्मेलन में सराहना हुई है। इन प्रयासों से जहां कचरे का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में होगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल ज्ञान के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में आरक्षण के माध्यम से पिछड़ा वर्ग-बी को प्रतिनिधित्व दिया है। इसके अलावा ग्राम जल और सीवरेज समितियों में महिलाओं की कम से कम 50 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इससे स्थानीय शासन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ी है।


**हरियाणा-विशेष सुधार रोडमैप कार्ययोजना का आधार बनेगा**

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सम्मेलन की सफलता का आकलन इस बात से होता है कि उसके बाद जमीनी स्तर पर क्या बदलाव आया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि सम्मेलन में साझा किए गए सौ अच्छे विचारों में से कम से कम एक विचार को अपनी स्थानीय जरूरतों के अनुसार अपनाकर जमीनी स्तर पर लागू करें। उन्होंने बताया कि दोनों संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रोफेसर वी.एन. आलोक के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया हरियाणा-विशेष सुधार रोडमैप केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए कार्य करने का संकल्प है। यह रोडमैप अलमारी की शोभा बनने के बजाय सरकार की कार्ययोजना का आधार बनेगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन से प्राप्त ठोस सिफारिशों और जनप्रतिनिधियों के फीडबैक को गंभीरता से एकत्रित करके समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। इनका हरियाणा विजन-2047 और प्रधानमंत्री विकसित ग्राम स्वराज योजना के साथ पूर्ण तालमेल स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक सुझाव पर कार्रवाई होनी चाहिए और हर फीडबैक का हिसाब रखा जाना चाहिए।


**जनप्रतिनिधि अपने कार्यों से जनता के विश्वास पर खरे उतरें**

मुख्यमंत्री ने सरपंचों, पंचों, पार्षदों, मेयरों और नगर निगमों के अध्यक्षों से कहा कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था के असली ध्वजवाहक हैं। जनता ने उन्हें चुनकर जिम्मेदारी सौंपी है और अब उन्हें अपने कार्यों के माध्यम से यह साबित करना है कि जनता का निर्णय सही था।

उन्होंने कहा कि सरकार संसाधन और नीतियां उपलब्ध करवा सकती है, लेकिन प्राथमिकताएं तय करना, सही जगह पर सही काम करवाना और उसे समय पर पूरा करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इसी तरह सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्राम सभाओं और वार्ड समितियों को सक्रिय बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब ग्राम सभा जीवंत होती है, तो योजना सरकार की नहीं, बल्कि जनता की बन जाती है। पंचायतों और नगरपालिकाओं का सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। ऐसा करने वालों को जनता लंबे समय तक याद रखती है।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान, गुरुग्राम विश्वविद्यालय, संबंधित विभागों, विषय विशेषज्ञों और शोधार्थियों का धन्यवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और अनुभव ने सम्मेलन को राष्ट्रीय स्तर की गरिमा प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प ऐसा सशक्त हरियाणा बनाने का है, जहां गांवों में शहरों जैसी आधुनिक सुविधाएं हों और शहरों में गांवों जैसी अपनत्व की भावना हो। जब हरियाणा की प्रत्येक पंचायत और नगरपालिका आत्मनिर्भर और संवेदनशील बनेगी, तभी राज्य देश का अग्रणी राज्य बनेगा और भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य साकार होगा।

इस अवसर पर पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा, सोहना के विधायक श्री तेजपाल तंवर, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र कुमार, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त श्री अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के ओएसडी और स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू, भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के प्रोफेसर वी.एन. आलोक और गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति श्री संजय कौशिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।