चंडीगढ़, 24 नवंबर (पैगाम-ए-जगत):- गोवा में आयोजित 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के तहत वेव्स फिल्म बाजार में स्थापित हरियाणा स्टेट पैवेलियन में चौथे दिन भी फिल्म जगत की नामचीन हस्तियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। मंगलवार को अभिनेता पंकज झा ने हरियाणा पैवेलियन का दौरा किया और राज्य की फिल्म नीति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने हरियाणा में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य सरकार द्वारा फिल्म उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों में रुचि दिखाई।

फिल्म क्षेत्र से जुड़े आगंतुकों ने राज्य में फिल्म निर्माण के लिए उपलब्ध अवसरों, शूटिंग स्थलों और फिल्म निर्माताओं को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

हरियाणा पैवेलियन के माध्यम से राज्य सरकार द्वारा हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विभिन्न शूटिंग स्थलों और फिल्म नीति के तहत फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके साथ ही फिल्म निर्माताओं और कलाकारों को हरियाणा में शूटिंग की संभावनाओं और अनुमति प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।

हरियाणा सरकार का उद्देश्य राज्य को फिल्म निर्माण के एक आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करना और फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं तथा तकनीकी विशेषज्ञों के लिए नए अवसर पैदा करना है।