फतेहाबाद, 8 फ़रवरी:- ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति के बैनर तले रविवार को सैंकड़ों सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शहर की सडक़ों पर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर पालिका कर्मचारी संघ और ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के नेतृत्व में कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में एकत्रित हुए, जहां से लाल बत्ती चौक होते हुए अनाज मंडी तक रोष मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया के कार्यालय पर पहुंचकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुनने के बाद विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने उनकी मांगों को जायज बताया।
उन्होंने कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि आगामी विधानसभा सत्र के दौरान वे इन मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे। प्रदर्शन की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ के ब्लाक प्रधान नरेश राणा, ग्रामीण सफज्ञई कर्मचारी यूनियन से सुनील कुमार ने की व संचालन ब्लाक सचिव ओमप्रकाश लोट ने किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तोषामड़, जिला प्रधान विजय ढाका, सकसं के ब्लाक प्रधान राजपाल मित्ताथल, कर्मचारी नेता बेगराज व नरेश राणा ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सरकार ने एक भी सफाई कर्मचारी या सीवरमैन को पक्का नहीं किया है। सफाई के लिए न तो पर्याप्त उपकरण दिए जा रहे हैं और न ही सुरक्षा किट जिससे कर्मचारियों की जान जोखिम में रहती है। मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती और विभागीय मंत्री विपुल गोयल के साथ हुई बैठकों में मांगों को जायज माना गया था, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुआ। संघर्ष समिति ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसलों के अनुसार सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए। सफाई और सीवर कार्य से ठेकेदारी प्रथा को पूरी तरह खत्म किया जाए।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार ग्रामीण सफाई कर्मियों को 26 हजार और शहरी कर्मियों को 27 हजार रुपये वेतन का लेटर तुरंत जारी हो। आबादी के अनुसार राज्य में 70 हजार सफाई और 20 हजार सीवरमैनों की पक्की भर्ती की जाए। जोखिमपूर्ण कार्य के लिए 5,000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता लागू हो। इसके अलावा कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, ऑनलाइन पोर्टल हाजिरी पर रोक और छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की बहाली की भी मांग उठाई। कर्मचारी नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि सरकार ने अपना अडिय़ल रवैया नहीं बदला, तो 12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हजारों सफाई कर्मचारी काम बंद कर सडक़ों पर उतरेंगे।
इसके बाद भी समाधान न होने पर ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति पूरे हरियाणा में टीमें बनाकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान करेगी। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव रामनिवास शर्मा, ब्लाक सचिव इन्द्र घासी, वीरू रत्ति, अमित गिल, सत्यवान टाक, राजाराम, पवन चिनालिया, ग्रामीण कर्मचारी यूनियन के ब्लाक प्रधान पवन कुमार, गुलजारी सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
सफाई कर्मचारियों ने शहर में किया प्रदर्शन विधायक को सौंपा ज्ञापन 12 को हड़ताल की चेतावनी
