संगरूर, 3 अक्तूबर:- जिला प्रशासन संगरूर द्वारा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग, पंजाब के सहयोग से संगरूर में ‘सरस मेला-2026’ आयोजित किया जा रहा है। यह मेला 9 अक्तूबर से 20 अक्तूबर 2026 तक कैरॉन फैक्ट्री ग्राउंड, पटियाला बाईपास (यादविंदरा होटल के सामने) में आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण दस्तकारों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों को अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए उचित मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कारीगरों द्वारा हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मेले को परिवारों और बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए जलपरी शो, विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक झूले, फन गेम्स और कार सर्कस सहित मनोरंजन के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी मेले का हिस्सा होंगे।

अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ग्रामीण विकास) सुखचैन सिंह ने बताया कि मेले के दौरान हर शाम पंजाब के प्रसिद्ध गायकों और कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे मेले की रौनक और बढ़ेगी।

उन्होंने जिले के निवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की कि वे अपने परिवारों सहित अधिक से अधिक संख्या में ‘सरस मेला-संगरूर 2026’ में पहुंचें और ग्रामीण दस्तकारों, कारीगरों तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी करके उनका उत्साहवर्धन करें।