करनाल, 21 अक्तूबर: कैथल रोड स्थित नई पुलिस लाइन, करनाल में आज पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा वीर शहीदों के परिजनों ने शहीदों की वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। सभी ने पुलिस स्मारक स्थल पर कुछ क्षण का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। 
यह दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्तूबर को उन बहादुर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य पथ पर देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। इस दिन देशभर में पुलिस बल के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाती है और उनके योगदान को याद किया जाता है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, करनाल रेंज, करनाल डॉ. एम. रवि किरण, आईपीएस ने बताया कि पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्तूबर 1959 की उस ऐतिहासिक घटना की स्मृति में मनाया जाता है, जब लद्दाख के ‘हॉट स्प्रिंग’ क्षेत्र में देश की सुरक्षा की प्रथम पंक्ति में तैनात केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक छोटे से गश्ती दल पर चीनी सेना ने घात लगाकर हमला किया था। इस वीरतापूर्ण संघर्ष में सीआरपीएफ के 10 जवानों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था। 
उन्होंने कहा कि ये जवान राष्ट्रसेवा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूर्ण समर्पण, निष्ठा और साहस के प्रतीक हैं। पुलिस अधीक्षक, करनाल श्री गंगाराम पूनिया, आईपीएस ने बताया कि हरियाणा पुलिस भी समाज और देश की सेवा में सदैव तत्पर रही है। वर्ष 1990 से 2018 तक करनाल जिला पुलिस के 11 पुलिस कर्मियों ने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। 
इनमें निरीक्षक बलजीत सिंह, निरीक्षक विजेंद्र सिंह, उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक रघुनंदन, सहायक उप निरीक्षक पलाराम, मुख्य सिपाही कुलदीप सिंह, मुख्य सिपाही सूरजभान, मुख्य सिपाही जगतार सिंह, सिपाही नारायण सिंह, सिपाही महावीर सिंह तथा सिपाही मेहर सिंह शामिल हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक करनाल रेंज डॉ. एम. रवि किरण, पुलिस अधीक्षक श्री गंगाराम पूनिया, सहायक उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती कांची सिंगल, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा श्रीमती मीना कुमारी, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री संदीप कुमार, उप पुलिस अधीक्षक शहर श्री राजीव कुमार, उप पुलिस अधीक्षक असंध श्री गोरखपाल, उप पुलिस अधीक्षक इंद्री श्री सतीश कुमार गौतम, उप पुलिस अधीक्षक घरौंडा श्री मनोज कुमार, उप पुलिस अधीक्षक नीलोखेड़ी श्री महावीर सिंह स्वामी सहित जिला पुलिस के सभी थाना प्रबंधक, अन्य पुलिस कर्मचारी और वीर शहीदों के परिजन उपस्थित रहे।